प्रवासी पत्रकारों से रूबरू हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत  


मुंबई में राजस्थान प्रेस क्लब का उदघाटन

मुंबई। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को यहां सह्याद्री गेस्ट हाउस के सभागरी में एक गरिमामय कार्यक्रम के तहत मुंबई में ‘राजस्थान प्रेस क्लब का औपचारिक उदघाटन किया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने समाज में प्रेस की भूमिका को रेखांकित करते हुए मुंबई महानगर में राजस्थान प्रेस क्लब के गठन पर पत्रकारों को बधाई दी।

  गहलोत ने अपने साढ़े चार दशक से अधिक लंबे राजनीतिक जीवन में पत्रकारों के साथ ‘अपनेपन का जिक्र करते हुए कई संस्मरणों को याद किया।
  उन्होंने पहली बार अपने मुख्यमंत्री काल में करवाए गए अंतरराष्ट्रीय प्रवासी सम्मेलन का जिक्र करते हुए कई पुराने संस्मरणों को ताजा किया। उन्होंने अपने पुराने कार्यकाल में पत्रकार-साहित्यकार कोष स्थापित किए जाने के कालखंड को भी याद किया।

  गहलोत ने कहा कि अपनी जन्मभूमि से दूर रहकर भी प्रवासी राजस्थानियों को अपनी जन्मभूमि से जोड़े रखने में प्रवासी पत्रकारों की अपनी महत्ती भूमिका है। 
 राजस्थान के पत्रकार यहां राजस्थान प्रदेश और महानगर के बीच एक महत्वपूर्ण सेतू की भूमिका निभा रहे हैं, जिसके लिए सभी पत्रकार साधुवाद के पात्र हैं। 

  कार्यक्रम की शुरुआत में पुलवामा में शहीद हुए जवानों को दो मिनट का मौन रखकर भावपूर्ण श्रद्धांजली अर्पित की गई। 
  आयोजन में मुंबई महानगर के विभिन्न उपनगरों में कार्यरत पत्रकारों के साथ प्रबुद्धजनों की भागीदारी रही। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रेस क्लब के अध्यक्ष विशनसिंह क्रांति ने क्लब के गठन एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। उपाध्यक्ष महादेव व्यास ने नवी मुंबई में निर्माणाधीन राजस्थान भवन को यथाशीघ्र पूर्ण करवाने तथा भायंदर उपनगर में एक नवीन राजस्थान भवन के निर्माण की परिकल्पना को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। क्लब के सचिव नीरज दवे ने अंत में सभी का आभार ज्ञापित किया। कोषाध्यक्ष कन्हैयालाल खंडेलवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। 
   इस पत्रकार सम्मलेन में पत्रकार कैलाश चौधरी, अनिल परमार, महावीर बडाला, हरी सिंह राजपुरोहित, प्रकाश प्रजापति, प्रमोद सूर्या, ललित राठोड, दिनेश्वर माली, नन्दलाल दवे, चेतन लक्ष्कार, गिरधारी सिंह पवार, अनुपमा शर्मा  सहित कई प्रवासी पत्रकार मौजूद रहे।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *